ऑटो न्यूज़

टायर पर लिखे नंबरों में छिपी है आपकी सुरक्षा! नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

क्या आपने कभी सोचा है कि टायर पर लिखे नंबर और अक्षरों का क्या मतलब होता है? ये सिर्फ नंबर नहीं होते, बल्कि टायर के साइज, वजन उठाने की क्षमता और अधिकतम स्पीड से जुड़ी जरूरी जानकारी देते हैं। इन्हें समझना आपकी गाड़ी की सुरक्षा और सही परफॉर्मेंस के लिए बेहद जरूरी है।

Tyre

टायर पर लिखे नंबर का क्या मतलब (Photo: AI Generated)

क्या आपने बाइक या कार के टायर को कभी गौर से देखा है? ध्यान से देखेंगे तो गाड़ी के टायर पर कुछ नंबर और इंग्लिश लेटर पाएंगे। अधिकतर लोग इन्हें अनदेखा कर देते हैं, लेकिन इन नंबरों में टायर की पूरी पहचान और उसकी क्षमता की जानकारी छिपी होती है। अगर आप इनका सही मतलब समझ लें तो सही टायर चुनना और गाड़ी की परफॉर्मेंस बेहतर बनाना आसान बहुत हद तक आसान हो सकता है।

टायर पर लिखे नंबरों का क्या मतलब

एक उदाहरण से समझें तो मान लें आपकी गाड़ी के टायर में लिखे नंबर और इंग्लिश लेटर 205/55 R16 है। इसमें 205 का मतलब है टायर की चौड़ाई (Width), जो मिलीमीटर में मापी जाती है। यानी इस टायर की चौड़ाई 205 mm है। चौड़ा टायर सड़क पर बेहतर ग्रिप देता है, लेकिन इससे माइलेज पर थोड़ा असर पड़ सकता है। इसके बाद आता है 55, जिसे Aspect Ratio कहा जाता है। यह टायर की ऊंचाई और चौड़ाई का अनुपात बताता है। यहां 55 का मतलब है कि टायर की ऊंचाई उसकी चौड़ाई का 55% है। कम एस्पेक्ट रेशियो वाले टायर स्पोर्टी लुक और बेहतर कंट्रोल देते हैं, जबकि ज्यादा रेशियो वाले टायर ज्यादा आरामदायक राइड देते हैं। अब बात करें R16 की। यहां R का मतलब है Radial टायर, जो आजकल लगभग सभी गाड़ियों में इस्तेमाल होते हैं। 16 का अर्थ है कि यह टायर 16 इंच के रिम पर फिट होगा। रिम साइज बदलने से गाड़ी की हैंडलिंग और कम्फर्ट पर असर पड़ता है।

बाद के नंबर और लेटर का मतलब

इसके बाद अक्सर दो और चीजें लिखी होती हैं जैसे 91V। यहां 91 को Load Index कहा जाता है, जो बताता है कि टायर अधिकतम कितना वजन सहन कर सकता है। वहीं V को Speed Rating कहते हैं, जो दर्शाता है कि यह टायर अधिकतम किस स्पीड तक सुरक्षित है।

इन नंबर को समझना क्यों जरूरी

इन नंबरों को समझना इसलिए जरूरी है क्योंकि गलत साइज या कम लोड क्षमता वाला टायर लगाने से सेफ्टी और माइलेज दोनों पर इसका असर पड़ता है। इसलिए जब भी नया टायर खरीदें तो कंपनी द्वारा सुझाए गए साइज और रेटिंग का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। सही टायर न केवल गाड़ी की परफॉर्मेंस बढ़ाता है, बल्कि आपकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article