यूज्ड कारें
GST घटने से गाड़ियों की कीमत जरूर कम हुई है लेकिन अभी भी नई कार बहुत सारे लोगों के बजट के बाहर है। इसलिए यूज्ड या सेकेंड हैंड कार खरीदने वालों की कमी नहीं है। अगर आपका भी बजट कम है और आप अपनी फेमिली के लिए एक बेहतर कार ढूंढ रहे हैं तो चलिए आपको इस कोशिश में हम मदद करते हैं। हम आपको बताएंगे कि आपको कौन सी कार लेनी चाहिए जो बजट फ्रेंडली और बाद में उसकी सर्विस पर भी ज्यादा खर्च नहीं करना पड़े। साथ ही पुरानी कार कहां से खरीदना चाहिए? तो आइए आपको कम्पलीट जानकारी देते हैं।
अगर आप पुरानी कार खरीदने की सोच रहे हैं तो मारुति सुजुकी स्विफ्ट को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। मार्केट में पुरानी स्विफ्ट ₹3.2 लाख से ₹5 लाख (उम्र और माइलेज के आधार पर) पर आसानी से मिल जाएगी। यह गाड़ी लगभग 18 से 22 किमी/लीटर (पेट्रोल) पर माइलेज देती है। 1.2-लीटर पेट्रोल, मैनुअल और ऑटोमैटिक में उपलब्ध यह कार, सिटी ड्राइविंग के लिए बेस्ट है। मारुति के विशाल सर्विस नेटवर्क के कारण कार पुरानी होने पर भी चलाने में किफायती रहती है। यह अपनी रीसेल वैल्यू को भी अच्छी तरह से बरकरार रखती है, इसलिए जब बेचने या अपग्रेड करने का समय आता है, तो आपको ज्यादा नुकसान होने की संभावना नहीं होती है।
ग्रैंड i10 उन सेकंड हैंड कार खरीदारों के लिए है जो छोटी हैचबैक की तुलना में थोड़ा अधिक प्रीमियम कार चाहते हैं। यह कार मार्केट में ₹3.5 लाख से ₹5 लाख की रेंज में मिलती है। यह लगभग 17 से 20 किमी/लीटर माइलेज देती है। 1.2-लीटर पेट्रोल, मैनुअल और ऑटोमैटिक में उपलब्ध यह कार स्मूथ राइड क्वालिटी के लिए जानी जाती है।
अगर आप हैचबैक की जगह सेडान लेना चाहते हैं तो होंडा अमेज खरीद सकते हैं। यह एक बड़ी कार जैसी आराम और जगह प्रदान करती है। मार्केट में पुरानी होंड अमेज ₹4 लाख से ₹5 लाख में मिल जाएगी। यह कार लगभग 18 से 25 किमी/लीटर का माइलेज देती है। होंड अमेज 1.2-लीटर पेट्रोल या 1.5-लीटर डीजल, मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों में उपलब्ध है।
अगर आप सिटी कार की तलाश में हैं तो रेनॉल्ट क्विड को भी देख सकते हैं। मार्केट में आसान से ₹2.8 लाख से ₹4 लाख की कीमत में आपको पुरानी रेनॉल्ट क्विड मिल जाएगी। यह कार 22–25 किमी/लीटर का ऐवरेज देती है। 1.0-लीटर पेट्रोल, मैनुअल या एएमटी, हाई ग्राउंड क्लीयरेंस, हल्का और चलाने में आसान क्विड पुरानी कार खरीदने वालों के बीच पसंदीदा है।
पुरानी कार में सबसे ज्यादा बिकने वाली लिस्ट में टाटा टियागो भी शामिल है। अपनी मजबूती, बेहतरीन माइलेज और सुरक्षित ड्राइविंग अनुभव के कारण यह उपयोग की गई कारों के सेगमेंट में भी काफी लोकप्रिय है। सेंकेंड हैंड मार्केट में इसकी कीमत ₹3 लाख से ₹5 लाख के बीच है, जबकि पुराने मॉडल इससे भी सस्ते मिल सकते हैं। टियागो BS6 मॉडल का माइलेज पेट्रोल में 18–20 kmpl और CNG में 26–28 km/kg तक मिलता है, जो इसे बजट-फ्रेंडली विकल्प बनाता है।
ज्यादातर भारतीय ऐसी गाड़ी चाहते हैं जो किफायती होने के साथ-साथ ईंधन बचाने वाली भी हो। यूज्ड कार बाजार में, खासकर ₹5 लाख से कम कीमत वाली यूज्ड कारों के सेगमेंट में जो डील आज आकर्षक लग सकती है, वह बाद में मेनटेनेंस और रखरखाव के बिल जुड़ने पर महंगी पड़ सकती है। इसलिए वेरिफाइड रीसेलर से खरीदना फायदे का सौदा होता है। वेरिफाइड रीसेलर गाड़ी की इंजन से लेकर बॉडी की वारंटी देती है। यानी अगर 1 साल के अंदर कोई परेशानी आती है तो उसे आप मुफ्त में सही करा सकते हैं।