Honda Shine 125 Limited Edition हुई लॉन्च, कीमत 87,000 रुपए से भी कम
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 5, 2026, 05:47 PM IST
प्रीमियम लुक स्टाइलिश अपील और बेहतर फीचर्स वाली एक सस्ती बाइक की तलाश है तो ये खबर आपका दिन बना सकती है। Honda ने अपने ग्राहकों के लिए Honda Shine 125 बाइक का Limited Edition वर्जन लॉन्च कर दिया है। खास बात ये है कि इस बाइक का लुक प्रीमियम होने के साथ कीमत भी मात्र 87000 रुपए से कम पड़ती है।
Shine 125 Limited Edition भारत में लॉन्च (Photo: Honda)
Honda ने अपनी पॉपुलर Honda Shine 125 बाइक का Limited Edition वर्जन भारत में लॉन्च कर दिया है। इस स्पेशल एडिशन को 86,211 रुपए के एक्स-शोरूम प्राइस पर लाया गया है। यह वेरिएंट मौजूदा Disc वेरिएंट पर आधारित है, लेकिन इसमें कुछ विशेष कॉस्मैटिक बदलाव किए गए हैं जो इसे अब एक प्रीमियम और स्टाइलिश लुक देते हैं।
बदला लुक और स्टाइल
सबसे बड़ी खासियत इस Limited Edition के विशेष रंग और ग्राफिक्स हैं। बाइक में एक आकर्षक ब्लू-टोन रंग का इस्तेमाल किया गया है और नया ‘Shine’ ग्राफिक्स फ्यूल टैंक पर दिखाई देता है, जो इसे सड़क पर एक अलग पहचान देने का काम करेगा। इसके अलावा इसमें पेंटेड अलॉय व्हील्स भी मिलते हैं, जो इस मॉडल को साधारण Shine 125 से अलग और अधिक स्टाइलिश बनाते हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस
तकनीकी रूप से यह Limited Edition उसी 124 cc, एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलिंडर पेट्रोल इंजन के साथ आती है, जो मौजूदा Shine 125 मॉडल में पहले से मौजूद है। यह इंजन लगभग 10.8 PS की पावर और 11 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है और इसे 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। यानी पावर और परफॉर्मेंस में यह Limited Edition मौजूदा मॉडल के जैसी ही क्षमता रखता है।
बाइक के फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो, Limited Edition में भी वही खूबियां शामिल हैं जो Disc वेरिएंट में मिलती हैं, जैसे फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ और USB Type-C चार्जिंग पोर्ट। डिजिटल क्लस्टर राइडर को रियल-टाइम माइलिज, गियर पोजिशन, सर्विस ड्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दिखाता है। इसके अलावा, साइलेंट स्टार्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी बाइक में मौजूद हैं, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल को काफी आसान बनाती हैं।
पॉपुलर commuter बाइक
Honda Shine 125 लंबे समय से भारत में एक विश्वसनीय और लोकप्रिय commuter बाइक रही है, जिसे अपने भरोसेमंद प्रदर्शन और दैनिक जरूरतों के अनुकूल डिजाइन के लिए पसंद किया जाता है। Limited Edition का यह लॉन्च उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर किया गया है जो एक भरोसेमंद बाइक चाहते हैं लेकिन साथ ही कुछ अलग और प्रीमियम स्टाइल भी चाहते हैं। इसके स्टाइलिश अपील और बेहतर फीचर्स के साथ, यह मॉडल उन लोगों के लिए एक आकर्षक विकल्प बन सकता है जो बाइक की परफॉर्मेंस के साथ स्टाइल और पर्सनैलिटी भी चाहते हैं।