क्या होती है सेफ्टी रेटिंग, कैसे होती है तय; भारत की सबसे सुरक्षित 5-स्टार कारें कौन-सी
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 10, 2026, 01:48 PM IST
Car Safety Ratings: आज के समय में कार की कीमत और इसके लुक-डिजाइन से ज्यादा मायने यह रखता है कि कार कितनी सुरक्षित है। कार की सुरक्षा को चेक करने के लिए सेफ्टी रेटिंग काम आती है। हर कार को 1-5 स्टार रेटिंग मिलती है, जिससे तय होता है कि कार दुर्घटना की स्थिति में कितनी सुरक्षित साबित होगी।
कार की सेफ्टी रेटिंग क्या होती है (Photo: iStock)
Car Safety Ratings: आज के समय में किसी भी ग्राहक के लिए कार खरीदारी के दौरान कार के सेफ्टी फीचर्स और रेटिंग बेहद मायने रखते हैं। कार की सेफ्टी रेटिंग क्या होती है और कैसे तय की जाती है इस जानकारी को लेकर ही इस आर्टिकल में जानकारी दे रहे हैं-
सेफ्टी रेटिंग क्या होती है
कार की सेफ्टी रेटिंग एक मानक होती है, जो बताती है कि वाहन में सवार व्यक्ति दुर्घटना की स्थिति में कितना सुरक्षित रहेगा। यह रेटिंग आम तौर पर 1 से 5 स्टार तक दी जाती है। सेफ्टी रेटिंग में 5 स्टार का मतलब होता है कि कार में अत्यधिक सुरक्षा उपाय हैं और यह यात्रियों के लिए सुरक्षित है। वहीं, रेटिंग जितनी कम होगी, कार उतनी ही कम सुरक्षित होती है।
सेफ्टी रेटिंग कैसे तय की जाती है
क्रैश टेस्ट
कार की सेफ्टी को लेकर सबसे अहम भूमिक क्रैश टेस्ट की होती है। इसमें किसी भी कार को फ्रंट, साइड से टकराया जाता है, ताकि असल एक्सीडेंट की स्थिति के जोखिम को पहले ही जाना जा सके। क्रैश टेस्ट में कार के अंदर डमी बिठा दिए जाते हैं। इस टेस्ट से यह पता चलता है कि कार में बैठे वयस्कों और बच्चों को कितना नुकसान पहुंच सकता है।
सेफ्टी फीचर्स का मूल्यांकन
कार में मौजूद सेफ्टी फीचर्स जैसे एयरबैग, एंटी‑लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), सीट बेल्ट रिमाइंडर आदि की उपस्थिति को भी रेटिंग में शामिल किया जाता है।
Pedestrian Safety टेस्ट
यह टेस्ट पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए होता है। इसमें देखा जाता है कि दुर्घटना की स्थिति में कार के बम्पर और बोनट पैदल यात्री को कितना नुकसान पहुंचा सकते हैं।
चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन
किसी भी कार को लेकर बच्चों की सुरक्षा अलग से टेस्ट की जाती है। इसमें यह जांचा जाता है कि इन्फैंट और चाइल्ड सीट में बैठे बच्चों को पर्याप्त सुरक्षा मिल रही है या नहीं।
कौन तय करता है सेफ्टी रेटिंग
कारों की सेफ्टी रेटिंग अधिकतर Global NCAP या भारत में Bharat NCAP जैसी संस्थाओं द्वारा तय की जाती है। ये संस्थान अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों और टेस्ट प्रोटोकॉल का पालन करते हैं।
भारत की सबसे सुरक्षित गाड़ियां
देश में Made-in-India कारें भी अब Global NCAP और Bharat NCAP के उच्च सुरक्षा मानकों पर खरी उतर रही हैं। भारत में Tata Safari, Maruti Suzuki Victoris, Mahindra Scorpio-N, Maruti Suzuki Dzire और Tata Harrier 5 स्टार रेटिंग के साथ सबसे सुरक्षित गाड़ियां है।
